कब तक मिलेंगे मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्मार्ट फोन
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सभी बोर्डों के 10वीं व 12वीं के टाप 10 विद्यार्थियों को राज्य व जिला स्तर पर सम्मानित करेगी। सरकार हर वर्ष सभी बोर्डों के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टाप १० मेधावी छात्रों को राज्य स्तर व जिला स्तर पर पहले भी सम्मानित करती रही है।
राज्य सरकार राज्य स्तरीय मेधावी छात्रों को एक-एक लाख और जिला स्तर के मेधावी छात्रों को 21-21 हजार रुपये देगी।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो की खबर के अनुसार प्रदेश सरकार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट 2020 के मेधावी छात्रों को टैबलेट व पुरस्कार की धनराशि देने जा रही है। इसके लिए हर जिले में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षकों को कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। इन कार्यक्रमों में लोकप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
सरकार पूर्व में भी सभी बोर्डों के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टाप १० मेधावी छात्रों को राज्य स्तर व जिला स्तर पर सम्मानित करती रही है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले वर्ष 2020 में इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो सका था। वर्ष 2021 में 10वीं और 12वीं में छात्र-छात्राओं को प्रोन्नत किया गया था इसलिए मेरिट सूची भी जारी नहीं हुई थी, ऐसे में अब 2020 के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिक्षा विभाग राज्य स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं को एक लाख रुपए और जिला स्तर के मेधावी छात्र-छात्राऔ को 21-21 हजार रुपये देगा। साथ ही उन्हें टैबलेट भी दिए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए 3.88 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं और टैबलेट भी डीआइओएस को भेजे जा रहे हैं।
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ स्मार्टफोन-टैबलेट का विितरणस्वयं करेंगे।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए मंडलानुसार नोडल अफसरों की नियुक्ति कर दी है। सभी जिलों को पुरस्कृत होने वाले छात्र-छात्राओं की सूची सोमवार तक शिक्षा निदेशालय को भेजनी है। इसके लिए उप निदेशक विकास श्रीवास्तव को मेरठ, सहारनपुर व अलीगढ़ की, पीसी यादव को मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, आरके तिवारी को आगरा, बस्ती, कानपुर, राजकुमार को अयोध्या, देवीपाटन, गोरखपुर, प्रतिमा सिंह को आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और विनोद कुमार को प्रयागराज, झांसी व चित्रकूट मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments
Post a Comment